जामस्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाते झोझूकलां थाना प्रभारी राजकुमार।
झोझूकलां। बिजली समस्या से परेशान मैहड़ा के ग्रामीणों ने वीरवार को झोझूकलां-मैहड़ा रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समस्या का समाधान जल्द करवाने का आश्वासन देकर करीब 20 मिनट बाद ही जाम खुलवा दिया। तब तक जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मैहड़ा गांव में पांच दिन से बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त है। लोग बिजली निगम के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवा खंभा बदलने की मांग कर चुके हैं, लेकिन नतीजा शून्य है। वहीं उमस भरी गर्मी के बावजूद बिजली संकट हो रहा है। इससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे क्षुब्ध ग्रामीण वीरवार को मैहड़ा-झोझूकलां रोड पर उतर आए। उन्होंने दोपहर 12:55 बजे जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसआई राजकुमार ने प्रदर्शनकारियों से जाम लगाने का कारण पूछा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन्हें बताया कि वह पांच दिन से बिजली संकट झेल रहे हैं। बताने के बाद भी बिजली निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त खंभा नहीं बदलवाया है। इस कारण पांच कुओं पर बिजली नहीं है और किसान परेशान हैं। इसके बाद एसआई राजकुमार ने बिजली निगम के एसडीओ से फोन पर बात की और ग्रामीणों को शाम तक समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवा दिया गया। बिजली निगम की ओर से शाम तक समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया था। - राजकुमार, प्रभारी, झोझूकलां थाना।