चरखी दादरी। त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़, एक दूसरे से आगे निकलने की होड़, जाम, हाॅर्न का शोर, बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन। शहर के अधिकांश बाजारों में ऐसे दृश्य आम हो गए हैं। बढ़ती भीड़ के साथ ही शहर में पार्किंग की समस्या भी गंभीर होने लगी है। खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिल रही। ऐसे में दुकानों के सामने, सड़क किनारे और आसपास की गलियों में वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे बाजारों की सड़कों पर आवागमन बाधित होने लगा है और जाम के हालात बन रहे हैं। मेन बाजार, तहसील रोड, रेलवे रोड और बस स्टैंड रोड के बाजारों में स्थिति ज्यादा विकट बनी हुई है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस बार भी पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई है।
बॉक्स: गलियों में खड़े वाहन
बाजारों में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोग पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अपने वाहन आसपास की गलियों में खड़े करने को मजबूर हैं। इससे गलियों से गुजरने वाले दूसरे वाहन चालकों और वहां रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस कारण कई बार लोगों में झगड़े भी हो रहे हैं। कई जगह सड़क किनारे वाहनों की कतारें लगने से रास्ते संकरे हो जाते हैं। ऐसे में आमने-सामने से वाहन आने पर निकलने के लिए जगह नहीं बचती और यातायात धीमा पड़ जाता है। बाजारों में पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बॉक्स: भीड़ बढ़ी, लेकिन व्यवस्था जस की तस
त्योहारी सीजन में बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है। लोग कपड़े, मिठाइयां, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। लेकिन भीड़ के अनुपात में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ रही है। बाजारों में वाहनों की संख्या बढ़ने के बावजूद पार्किंग के लिए कोई पर्याप्त वैकल्पिक इंतजाम नजर नहीं आ रहा। इसका सीधा असर बाजारों की यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है।
बॉक्स: हर बार उठती है समस्या
शहर में पार्किंग की कमी का मुद्दा नया नहीं है। प्रमुख बाजारों में खरीदारी के दिनों और त्योहारों के दौरान बार-बार ऐसे हालात बनते हैं। इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से समस्या फिर सामने आ जाती है। शहरवासियों का सवाल यह है कि जब त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ने का अनुमान पहले से होता है, तो प्रशासन की ओर से पार्किंग और यातायात प्रबंधन के लिए समय रहते इंतजाम क्यों नहीं किए जाते।
बॉक्स: व्यापार और आमजन दोनों प्रभावित
पार्किंग की समस्या और जाम के कारण दुकानदारों के साथ आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राहकों को वाहन खड़ा करने के लिए जगह तलाशने में समय लगता है, वहीं जाम के कारण बाजारों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। जरूरत है कि प्रशासन प्रमुख बाजारों के आसपास उपलब्ध स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करे और यातायात सुचारू रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती करे, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
वर्सन:
शहर में पार्किंग की सुविधा जल्द मिलने वाली है, इसके लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। कम से कम पांच जगहों पर पार्किंग बनाई जाएगी, जिससे सभी बाजार कवर होंगे।
- बख्शी सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद।