जमीदारा सोसायटी में यूरिया खाद लेने पहुंचे किसान।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर स्थित जमीदारा सोसायटी कार्यालय में बुधवार को भी यूरिया खाद वितरित की गई। सोसायटी कार्यालय में मंगलवार को 2200 बैग यूरिया खाद पहुंची हैं। खाद वितरण के दौरान इस बार किसानों की लंबी लाइन नहीं लग पा रही है। मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज फसल के आधार पर ही खाद का वितरण किया जा रहा है। इससे पहले आधार कार्ड से खाद बांटी जाती थी। इस वजह से लंबी लाइन लगती थी। किसान जरूरत से ज्यादा खाद ले जाते थे।
जिले मेंं मार्च 2026 तक 29 हजार टन यूरिया खाद की जरूरत रहेगी। नवंबर माह मेंं यूरिया 8000 व डीएपी खाद की जरूरत 8000 टन रहेगी। जिला का कृषि योग्य कुल रकबा एक लाख 22 हजार 378 हेक्टेयर क्षेत्र है।
वर्तमान में रबी की फसलों की बिजाई का कार्य चल रहा है। नवंबर व दिसंबर माह में गेहूं की बिजाई का कार्य चलेगा। ऐसे में यूरिया व डीएपी खाद की जरूरत दिसंबर माह तक बनी रहेगी। दिसंबर में यूरिया खाद की जरूरत ज्यादा रहेगी क्योकि उस समय फसलों की सिंचाई का कार्य शुरू हो जाता है। विभाग की ओर से भी महीना वार खाद की आवक करवाई जाती है। जमीन के हिसाब से ही खाद की मांग भेज रखी है।
वर्जन
मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही खाद वितरित की जा रही है। खाद का वितरण सुचारू रूप से किया जा रहा है। किसानों को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
राजेश कुमार, मैनेजर, जमीदारा सोसायटी कार्यालय।