चरखी दादरी। बाढड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति पर पॉक्सो एक्ट के आरोपी कर्मबीर को किडनी की बीमारी के आधार पर तीन माह की अंतरिम जमानत नहीं मिल पाई। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार की अदालत ने आरोपी की याचिका खारिज कर दी। हालांकि अदालत ने जिला जेल भिवानी के अधीक्षक को आरोपी को पीजीआईएमएस रोहतक से नियमानुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
अदालत में आरोपी की ओर से अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की गई थी। याचिका में बताया गया कि आरोपी की किडनी में 30 एमएम की पथरी है, जिसके कारण उसे लगातार तेज दर्द रहता है। स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने पर 21 अक्तूबर को पुलिस अभिरक्षा में उसे पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दवाइयां दीं और आवश्यक उपचार व ऑपरेशन की जरूरत बताई। आरोपी पक्ष के अनुसार चिकित्सक ने 9 दिसंबर को सर्जरी के लिए तारीख निर्धारित की थी। इसी आधार पर आरोपी ने तीन माह की अंतरिम जमानत देने की मांग की थी।
वहीं अभियोजन पक्ष ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए जिला जेल भिवानी के चिकित्सा अधिकारी की रिपोर्ट अदालत में पेश की। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी नियमित रूप से चिकित्सकीय फॉलोअप पर है। उसकी सामान्य स्वास्थ्य स्थिति ठीक है, सभी महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतक स्थिर हैं और वह अपने रोजमर्रा के कार्य स्वयं करने में सक्षम है।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद पाया कि आरोपी गंभीर धाराओं में दर्ज मामले में संलिप्त है। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। अभियोजन के अनुसार आरोपी पर नाबालिग को कार में ले जाकर जबरन यौन उत्पीड़न करने के आरोप हैं।
अदालत ने जेल चिकित्सा अधिकारी की रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए कहा कि आरोपी का उपचार संबंधित जेल प्रशासन की ओर से करवाया जा रहा है। ऐसे में उसे तीन माह की अंतरिम जमानत देने का कोई आधार नहीं बनता। इसके साथ ही अदालत ने याचिका खारिज कर दी।