चरखी दादरी। बेरला निवासी विक्रम के खाते में 200 करोड़ रुपये आने के मामले में नया मोड़ आया है। मंगलवार तक मामले से अनभिज्ञ बाढड़ा थाना पुलिस ने बुधवार को जो तथ्य उजागर किए, उससे ये मामला ही पूरा घूम गया।
बाढड़ा थाना प्रभारी कप्तान सिंह के अनुसार, विक्रम के खाते से 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है और फरवरी 2023 में उत्तर-प्रदेश के जालोन जिले के कोच थाना में इस संबंध में केस दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच के लिए ही यूपी पुलिस ने बेरला निवासी विक्रम के घर दबिश दी थी। वहीं, एसएचओ के अनुसार साइबर क्राइम पोर्टल के जरिये एक शिकायत उनके पास भी पहुंची है, जिसमें शिकायतकर्ता संदीप है। संदीप ने शिकायत में कहीं भी 200 करोड़ रुपये खाते में डालने का जिक्र नहीं किया है। वहीं उसके उसके चचेरे भाई विक्रम के दस्तावेज प्रयोग कर दिल्ली स्थित यस बैंक की ब्रांच से खाता खुलवाने वाले का पता लगाने की मांग की है। एसएचओ का कहना है कि इस संबंध में पहले ही उत्तर-प्रदेश में केस दर्ज है और कोच थाना पुलिस ही इस मामले की जांच कर रही है। ऐसे में वो जल्द ही इन तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर पोर्टल के जरिये आई शिकायत का जवाब दे देंगे।
-विक्रम के खाते से स्वर्णकार से की गई थी ठगी
बाढड़ा थाना प्रभारी कप्तान सिंह के अनुसार यूपी निवासी स्वर्णकार संजय सोनी के साथ फरवरी में ठगी की गई। संजय सोनी के पास किसी अज्ञात नंबर से फोन आया था और फोन करने वाले शख्स ने उससे कहा कि वो अपनी पत्नी को गहने खरीदने के लिए उसके पास भेज रहा है। कुछ रकम ऑनलाइन और कुछ नकद देंगे। कुछ देर बाद ही स्वर्णकार के पास दोबारा दूसरे नंबर से फोन आया और फोन करने वाले शख्स ने कहा कि उसके खाते में 60 हजार रुपये ज्यादा आ गए हैं और इन्हें वापस एक खाते में ट्रांसफर कर दे। स्वर्णकार ने जिस खाते में रुपये डाले वो गांव बेरला निवासी विक्रम के दस्तावेज पर खुला था।
- शिकायतकर्ता का दावा : 6 सितंबर को दो बार आया यूपी पुलिस का फोन
स्टेट साइबर क्राइम और नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत करने वाले विक्रम के चचेरे भाई संदीप ने बताया कि बुधवार को दो बार उनके पास यूपी पुलिस का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उनके कॉल रिकॉर्डिंग ऑन रखने के चलते दोनों बार फोन काट दिया।
60 हजार रुपये की धोखाधड़ी मामले में यूपी पुलिस ने बेरला निवासी विक्रम के यहां दबिश दी थी। पोर्टल के जरिये एक शिकायत जरूर आई है, लेकिन उसमें केवल विक्रम के दस्तावेजों से खाता खुलवाने वाले का पता लगाने की मांग की गई। इसमें कहीं ये जिक्र नहीं है कि खाते में 200 रुपये करोड़ आए हैं।
-कप्तान सिंह, एसएचओ, बाढड़ा थाना