चरखी दादरी। विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट देश के सर्वांगीण विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाला बजट है। विधायक शनिवार को दादरी के विश्राम गृह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर, जिला महामंत्री रविंद्र शिलगर भी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि बजट में स्वरोजगार की चाह रखने वाले युवाओं के लिए एमएसएमई को मजबूती दी गई है। वहीं बॉयोफार्मा हब, इंफ्रास्ट्रक्चर रिस्क गारंटी, यूनिवर्सिटी टाउनशिप, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने संबंधित कई प्रावधान किए गए हैं।
नारी सशक्तीकरण को मिलेगा बढ़ावा
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि केंद्रीय बजट में सभी जिलों में महिलाओं के लिए हॉस्टल खोलने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि ये हॉस्टल खुलने से कामकाजी महिलाओं के साथ-साथ ग्रामीण परिवेश से शहरों में पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं को भी काफी राहत मिलेगी। इसी प्रकार शी-मार्ट की स्थापना से महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। महिलाएं स्वरोजगार की राह पर भी आगे बढ़ सकेंगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि सही मायनों में कांग्रेस को खुद की हार के कारण ही नहीं पता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के साथ जो लोग उनके काफिले में घूमते हैं, उनमें से कई लोगों ने ही कांग्रेस को वोट नहीं दिए।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर इंद्र फोगाट, जिला कोषाध्यक्ष किदारनाथ सरोहा, लीलाराम हिंदुस्तानी, अमरदीप धारीवाल, रितु गोयल, सतीश बजाज, विष्णु गोयल आदि भी मौजूद रहे।