चरखी दादरी/बौंदकलां। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सांजरवास में उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने का रास्ता साफ हो गया है। भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से दी गई आधा एकड़ जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम हो गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भवन निर्माण के लिए पंचायती राज विभाग को पत्र लिख दिया है और जल्द ही भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनने से पांच गांवों का फायदा होगा।
दरअसल, सांजरवास में बनाया गया उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन जर्जर हो चुका है। इसके चलते इस भवन का उपयोग नहीं किया जा रहा। पिछले चार साल से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के पंचायत घर में बैठकर मरीजों का उपचार कर रही है। लंबे समय से गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने की दरकार है। खुद का भवन न होने से एक तरफ उप स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं में विस्तार नहीं हो पा रहा तो दूसरी ओर टीम को भी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग अब जल्द ही ग्रामीणों को नये उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन की सौगात देने जा रहा है। इसके लिए जमीन स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है और इसके तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग ने पंचायत विभाग से भवन निर्माण के लिए पत्राचार कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही नया भवन उपलब्ध करवाने का प्रयास रहेगा ताकि ग्रामीणों के साथ स्टाफ को परेशानी न झेलनी पड़े।
- चार कर्मचारियों की है तैनाती
सांजरवास उप स्वास्थ्य केंद्र की बात करें तो चार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इनमें एक सीएचओ, दो एएनएम (एक नियमित और एक आरसीएच) समेत एक एमपीएचडब्ल्यू मेल वर्कर की तैनाती है। उप स्वास्थ्य केंद्र की दैनिक ओपीडी 25 से 30 रहती है।
- पहले 55 लाख की बजट सीमा निर्धारित की थी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो नये भवन के लिए सरकार ने पहले 55 लाख की बजट सीमा निर्धारित की हुई थी। सांजरवास गांव में आधा एकड़ जमीन पर नया उप स्वास्थ्य केंद्र बनेगा और इसके लिए 80 लाख का बजट सरकार की ओर से दिया जाएगा। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनना है।
अन्य गांवों में भी बनने हैं नए भवन
बता दें कि सांजरवास के अलावा अन्य 25 गांवों में भी उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनने हैं। पुराने भवन जर्जर होने से रावलधी उप स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ भी पंचायत घर में बैठकर ओपीडी देखने को विवश हैं। ज्यादातर गांवों के उप स्वास्थ्य केंद्रों का ये ही आलम है। विभाग और प्रशासन को जल्द से जल्द अन्य गांवों में भी जगह तय कर नए भवन का निर्माण शुरू करवाना चाहिए।
सांजरवास गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के नये भवन के निर्माण के लिए जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम हो गई है। हमने भवन निर्माण के लिए पंचायत विभाग को पत्र लिख दिया है। जल्द से जल्द भवन निर्माण कार्य शुरू करवाने का प्रयास रहेगा।
डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, चरखी दादरी