चरखी दादरी। शहर में स्ट्रीट लाइटों की कमी दूर करने के लिए नगर परिषद ने 300 नई एलईडी लगवाने की कवायद शुरू कर दी है। ये लाइटें डी-प्लान के तहत मिले 12 लाख के बजट से लगवाई जा रही हैं। एजेंसी करीब 60 प्रतिशत लाइटें लगा चुकी है औ बाकी बची लाइटें अगले एक सप्ताह के अंदर लगवा दी जाएंगी।
दरअसल, नगर पार्षद कई बार अधिकारियों के समक्ष वार्डाें में स्ट्रीट लाइटों की कमी का मुद्दा रख चुके हैं। पार्षदों का तर्क है कि लंबा समय बीतने के बाद भी स्ट्रीट लाइटें नहीं लग पाई हैं और वार्डवासी बार-बार उनसे स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग कर रहे हैं। नगर पार्षदों की मांग अधिकारियों ने जिला प्रशासन के समक्ष भी रखी थी। इसके बाद शहर में स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए 12 लाख का बजट तय किया गया।
बजट राशि नगर परिषद के खाते में पहुंचने के बाद अधिकारियों की ओर से टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई गई। ये प्रक्रिया सिरे चढ़ते ही एजेंसी ने शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया। एजेंसी ने पहले उन वार्डाें में काम शुरू किया जहां ज्यादा लाइटें लगनी थीं। योजना के अनुसार चार वार्डाें में 32-32 तो 17 वार्डाें में 8-8 एलईडी लगनी हैं। फिर भी अगर किसी वार्ड में स्ट्रीट लाइटों की कमी महसूस हुई तो वहां और लाइटें भी नगर परिषद की ओर से लगवाई जाएंगी।
जानिये...किस वार्ड में लगेंगी कितनी लाइटें
वार्ड 13, 14, 16 व 18 में स्ट्रीट लाइटों की सबसे अधिक जरूरत है। इसके तहत इन चारों वार्डाें में डी-प्लान के बजट से 32-32 लाइटें लगवाई जाएंगी। वहीं, वार्ड-1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8 ,9, 10, 11, 12, 15, 17, 19, 20 और 21 में आठ-आठ स्ट्रीट लाइटें डी-प्लान के बजट से लगेंगी।
शहर में हैं 7500 स्ट्रीट लाइट
शहर में कुल 7500 स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। इस समय शहर में अलग-अलग क्षमता की स्ट्रीट लाइटों समेत हाईमास्क लाइटें भी लगी हुई हैं। जल्द ही शहर में स्ट्रीट लाइटों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
- कई लाइटों के पोल जंग लगने से हुए जर्जर
शहर में पहले से लगी कई स्ट्रीट लाइटों के पोल जंग लगने से जर्जर हो चुके हैं। नगर परिषद के अधिकारियों को इन पोल को भी बदलने की तरफ ध्यान देना चाहिए ताकि ये किसी हादसे का कारण न बन सके। बता दें कि नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह ने करीब डेढ़ माह पहले ही शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कराया था।
डी-प्लान के बजट से शहर में 300 एलईडी लगनी हैं। एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है और जल्द ही ये काम पूरा करवा लिया जाएगा। इसके बाद काफी हद तक स्ट्रीट लाइटों की कमी दूर होगी।
बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद