चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 152डी पर गांव चिड़िया के समीप शुक्रवार सुबह सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कुशल गोयल (21) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। कुशल गोयल पंजाब के पटियाला जिले के गांव ककराला का निवासी था। दोपहर बाद युवक के शव का पोस्टमार्टम दादरी के नागरिक अस्पताल में किया गया।
जांच अधिकारी एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि कुशल गोयल, भारत भूषण, शेखर, तरसेम और कर्णवीर फोटोग्राफी करते हैं। शुक्रवार सुबह राजस्थान के सीकर जिले के रींगस के पास तीन दिवसीय कीर्तन कवरेज के लिए जा रहे थे। वीरवार रात करीब दो बजे पटियाला से सेंट्रो कार में सवार होकर रींगस के लिए निकले थे। जब वे नेशनल हाईवे 152डी पर गांव चिड़िया के पास पहुंचे, तो अचानक सड़क पर एक पशु सामने आ गया। बेसहारा पशु को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पांचों युवक घायल हो गए, उन्हें तुरंत दादरी के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुशल गोयल को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कुशल दो भाई और बहनों में सबसे बड़ा था। जांच अधिकारी ने बताया कि भारत भूषण के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।