चरखी दादरी। ढाणी फौगाट रोड पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नेपाल निवासी बाइक चालक कृष्ण की मौत हो गई जबकि उसके साथ दादरी आ रहे नेपाल निवासी दंपती मेनबहादुर और उसकी पत्नी प्रेम कुमारी घायल हो गई। महिला को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहीं, सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार नेपाल निवासी कृष्ण, मेनबहादुर और प्रेम कुमारी महराणा स्थित एक मुर्गी फार्म पर काम करते थे। शनिवार दोपहर वो महराणा से बाइक पर सवार होकर दादरी आ रहे थे। ढाणी फौगाट के समीप उनकी बाइक के सामने कुत्ता आ गया और उसे बचाने के प्रयास में कृष्ण संतुलन खो बैठा। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी और वे तीनों घायल हो गए।
राहगीर उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कृष्ण को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रेम कुमारी को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल संदीप कुमार ने बताया कि इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।