बाढड़ा। ढाणी सूरजा से अपने घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को एक कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव हुई निवासी अमित के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक अमित के चाचा राजेंद्र ने बताया कि बुधवार देर शाम को अमित अपने दोस्त राहुल के साथ किसी काम से बाइक पर सवार होकर ढाणी सूरजा गया था। वहां से लौटते समय एक कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसका दोस्त राहुल कच्चे में जा गिरा। वहीं, हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से कार समेत फरार हो गया।
राजेंद्र ने बताया कि घायल अमित को भिवानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों की शिकायत पर बाढड़ा पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।