कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में रविवार को दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई जबकि 151 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 63 महिलाएं शामिल हैं। रविवार को शहरी क्षेत्र में 52 और ग्रामीण क्षेत्र में 99 संक्रमित मिले हैं।
रविवार को दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है और दोनों महिलाएं हैं। बास रानीला निवासी 55 और झिंझर निवासी 78 वर्षीय महिला की रविवार को मौत हुई और उनका कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार दाह-संस्कार करवाया गया। रविवार को 151 नए केस मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3155 हो गई है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले से 164392 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 848 की रिपोर्ट लंबित हैं।
रविवार को 83 संक्रमित कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं और इसके साथ ही कोरोना को हराने वालों की संख्या 2451 हो गई है। रविवार को 726 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। जिले में अब तक 70 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
यहां मिले कोरोना पॉजिटिव केस
रविवार को शहर में 52 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा अचीना में 11, डांडमा में छह, रूदड़ोल में दो, खेड़ी बूरा में तीन, बलाली में दो, मानकावास में 4, भागेश्वरी में तीन, झोझूकलां में पांच, बौंदकलां में 11 पॉजिटिव केस मिले हैं। बाढड़ा, सांवड़, घिकाड़ा, झिंझर, पैंतावास कलां, बिरही कलां, बीजणा, बिगोवा, रानीला, रणकोली, अटेला, मंदोला, खेड़ी बूरा और नीमड़ी में नए केस सामने आए हैं।
बौंदकलां को भी बनाया मेक्रो कंटेनमेंट जोन
जिले में एक और मेक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। बौंदकलां में शनिवार और रविवार को कई मामले सामने आए हैं। अब जिले में छह मेक्रो कंटेनमेंट जोन और करीब 314 माइक्रो कंटेनमेंट जोन हैं। जल्द ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
पीजीआई ने लेने शुरू किए 300 सैंपल, गुरुग्राम भेजे जा रहे बाकी सैंपल
जिले में पिछले एक सप्ताह से औसतन 750 सैंपल लिए जा रहे हैं। पिछले पांच दिनों से प्रतिदिन 300 सैंपल पीजीआई भेजे जा रहे हैं जिनकी रिपोर्ट करीब 30 घंटे बाद मिल रही है। इसके अलावा बाकी सैंपल गुरूग्राम की प्राइवेट लैब में भेजे जा रहे हैं जिनकी रिपोर्ट 24 से 36 घंटे बाद आ रही है। कोरोना नोडल अधिकारी डॉक्टर गौरव भारद्वाज ने बताया कि बीच में पीजीआई ने सैंपल लेना बंद कर दिया था, लेकिन पिछले पांच दिनों से प्रतिदिन 300 सैंपल लिए जा रहे हैं।
रविवार को जिले में दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है, जबकि 151 नए केस मिले हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 3155 हो गई है। लोगों से अपील है कि कोरोना से बचाव के लिए गाइडलाइन की पालना करें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
-डॉक्टर सुदर्शन पंवार, सीएमओ।