भारत बंद के तहत किसानों के जाम लगाने से जिले में करीब दो हजार ट्रक चालक बीच रास्ते ही फंस गए। कुछ जामस्थल के आसपास होटल या दुकान न होने से ट्रक चालकों के समक्ष खाने का संकट पैदा हो गया। इसे देखते हुए रावलधी चौक पर जाम लगाने वाले किसानों ने ट्रक चालकों के लिए लंगर लगाया। इन ट्रक चालकों को प्रसाद में आलू की सब्जी और पूरी समेत देसी घी से बना हलवा और दोपहर को चाय की सेवा दी गई।
ट्रक चालक मोहम्मद, रफीक, मनोज, दलीप, करतार, संजय, भूपेश और मयूर ने बताया कि जाम की वजह से सुबह आठ बजे उनके वाहन रावलधी चौक पर रुकवाए गए थे। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे किसानों ने लंगर में प्रसाद ग्रहण करने के लिए उन्हें बुलाया। इन ट्रक चालकों ने किसानों का भोजन व्यवस्था के लिए आभार जताया। रफीक ने बताया कि उसके वाहन में दवा का कच्चा मैटीरियल है और उसे चंडीगढ़ एक दवा फैक्टरी में जाना है। मयूर ने बताया कि उसे मुंबई जाना है और वह पानीपत से आया है। रावलधी चौक पर 200 से अधिक ट्रक चालकों ने लंगर व्यवस्था का लाभ उठाया।