चरखी दादरी। मां का सूट लेकर घर लौट रहे गांव हड़ोदी निवासी दो किशोर रविवार की शाम को लोहारू कैनाल में डूब गए। दोनों सगे भाई थे और उनके शव देर रात नहर से बरामद किए गए। सोमवार सुबह बाढड़ा थाना पुलिस ने 13 और 15 वर्षीय किशोर का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। मृतकों के परिजनों के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है। वहीं, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार गांव हड़ोदी निवासी संजय का बड़ा बेटा अरविंद (15) और छोटा बेटा अविनाश (13) दसवीं कक्षा के छात्र थे। संजय खेती करता है, जबकि मां सुमन घर संभालती है। रविवार शाम सुमन ने दोनों बेटों को गांव के समीप स्थित अटेला कलां एक टेलर के पास से सूट लेने के लिए भेजा था। दोनों नहरी रास्ते से गए थे और जब वापस उसी रास्ते आने लगे तो नहर किनारे बैठ गए। उसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में संतुलन बिगड़ने से वो नहर में डूब गए। शाम करीब साढ़े 7 बजे परिजन उन्हें तलाशते हुए वहां पहुंचे और नहर का पानी बंद करवाकर दोनों के शव नहर से बरामद किए। दो बेटे गंवा देने से संजय और सुमन पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
इस संबंध में पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है। दोनों किशोरों के शव का पोस्टमार्टम दादरी सिविल अस्पताल में करवाया गया। हादसा दुखद है और पुलिस को पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति है।
-कप्तान सिंह, बाढड़ा थाना प्रभारी