संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। काठमंडी रोड और सरदार झाडू सिंह चौक रोड का मरम्मत कार्य जल्द ही शुरू होगा। ये कार्य नगर परिषद की ओर से करवाया जाएगा। एक किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत पर करीब 20 लाख रुपये खर्च होंगे।
इन सड़कों से प्रतिदिन 10 हजार से अधिक लोगों गुजरते हैं। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, पहले सरदार झाडू सिंह चौक रोड पर और फिर काठमंडी रोड पर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।
करीब दो माह पहले जनस्वास्थ्य विभाग ने स्ट्रॉम वाटर परियोजना के तहत बड़ी पाइप लाइन डालने के लिए पहले सरदार झाडू सिंह चौक रोड को और फिर काठमंडी रोड को उखाड़ा था। इसके बाद से दोनों सड़कों के हालत बुरे बने हैं। यहां पाइप लाइन डालने के बाद न तो सड़क को समतल किया गया और न ही मिट्टी का सही से उठान किया गया। नतीजा ये है कि सड़क ऊबड-खाबड है, जबकि मिट्टी की वजह से फिसलन बनी हुई है।
गत दिनों ही डीसी मनदीप कौर ने एडीसी एवं नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह से इन सड़कों को लेकर बैठक की थी। इस दौरान नगर आयुक्त ने जल्द दोनों सड़कों की नगर परिषद की ओर से मरम्मत करवाने की बात कही थी। इसके बाद नगर परिषद अधिकारियों ने दोनों सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार किया। सरदार झाडू सिंह चौक रोड पर करीब 350 मीटर की दूरी में सड़क पर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। इस पर करीब सात लाख रुपये लागत आएगी। इसी प्रकार काठमंडी रोड का 650 मीटर की लंबाई में मरम्मत कार्य करवाया जाएगा और इस पर करीब 13 लाख रुपये लागत आने की संभावना है।
20 दिन के अंदर पूरा होगा मरम्मत कार्य
नगर परिषद अधिकारियों की मानें तो 20 दिन के अंदर दोनों सड़कों का मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा। एजेंसी को इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं। फिलहाल मरम्मत कार्य कर इन सड़कों को आवागमन लायक बनाया जाएगा। यहां नई सीवर-पेयजल लाइनें डलनी प्रस्तावित हैं। ये काम होने के बाद ही दोनों सड़क का पुनर्निर्माण हो सकेगा।
सरदार झाडू सिंह चौक और काठमंडी रोड का जल्द मरम्मत कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। यहां नई सीवर-पेयजल लाइनें डलने के बाद ही सड़कों का पुनर्निर्माण करवाया जा सकेगा। तब तक विकल्प के तौर पर मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है। - मुकेश कुमार, एमई, नगर परिषद
फोटो 35
जर्जर पड़ा काठमंडी रोड। संवाद