चरखी दादरी। जिले में पिछले तीन दिनों से कोरोना केस मिल रहे हैं। सोमवार को भी दो नए मामले सामने आए हैं। अब जिले में कोरोना के 17 सक्रिय केस हो गए हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के परिजनों के सैंपल ले रहा है। सोमवार को विभाग की ओर से 357 सैंपल लिए गए।
बता दें कि शनिवार से जिले में कोरोना केस मिलने की शुरुआत हुई थी। शनिवार को तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। वहीं, रविवार को कोरोना के 12 मामले सामने आए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल थीं। मंगलवार को नए केस मिलने के बाद कोरोना के 15 सक्रिय मामले हो गए थे। कोरोना नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार को दो और केस मिले हैं।
उन्होंने बताया कि कोरोना जांच के लिए सोमवार को 357 सैंपल लिए गए और इन्हें जांच के लिए बीपीएस खानपुर भेजा गया है। दादरी जिले में अब तक कोरोना जांच के लिए कुल 4,06,359 सैंपल लिए जा चुके हैं। कोरोना नोडल अधिकारी ने बताया कि अभी सक्रिय सभी 17 मरीज होम आइसोलेट हैं। फिलहाल 357 सैंपल की रिपोर्ट लंबित हैं।
- जिले में 8100 हुई कोरोना संक्रमितों की संख्या
नए दो केस मिलने के बाद अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8100 पहुंच गई है। अब तक जिले में 147 लोग कोरोना के चलते दम तोड़ चुके हैं। फिलहाल जिले में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। सोमवार को 354 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव भी आई है।
जिले में सोमवार को दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। लोगों से अपील है कि कोरोना को हल्के में न लें और पूरी सावधानी बरतें। कोरोना संक्रमित मिले लोगों के परिजनों के सैंपल विभाग की टीमें ले चुकी हैं।
-डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, चरखी दादरी