कोरोना संक्रमित दो महिलाओं की हिसार के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है। सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने दोनों की मौत होने की पुष्टि की है। एक की उम्र 47 तो दूसरी की 53 साल थी। अब तक जिले में छह कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है जबकि 202 संक्रमित अभी उपचराधीन हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि जिन दो महिलाओं की मौत हुई हैं, उनमें से एक रावलधी गांव की जबकि दूसरी शहर के झज्जर घाटी क्षेत्र की रहने वाली थी। उन दोनों के हिसार में सैंपल हुए थे और रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वहीं उपचार चल रहा था। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में छह कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है, जिनमें चार महिलाएं हैं। अक्तूबर माह में किसी कोरोना संक्रमित की मौत का यह पहला मामला है।
सोमवार को एक और व्यक्ति मिला कोरोना पॉजिटिव
सोमवार को जिले में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। संक्रमित की उम्र 33 साल है और वो कादमा का रहने वाला है। पिछले एक सप्ताह के मुकाबले सोमवार को कम संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग को भी थोड़ी राहत मिली है।
अब तक जिले से लिए जा चुके हैं 51440 सैंपल
सोमवार शाम तक जिले से कोरोना टेस्ट के लिए 51440 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 814 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव और 50345 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 8250 लोग जिले में होम क्वारंटीन हैं जबकि 202 अभी उपचाराधीन हैं। 281 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है। जिले में 606 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
कोरोना संक्रमित दो महिलाओं की हिसार में मौत हुई है और सोमवार को हमें इसकी जानकारी मिली है। अब तक जिले में 606 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि छह की मौत हो चुकी है।
संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ