चरखी दादरी। दादरी पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर-14 निवासी कुलदीप की शिकायत पर थाना शहर दादरी में प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायत के अनुसार 27 जून 2026 की रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच कुछ युवक बिना नंबर प्लेट की आई-20 कार में उसके घर पहुंचे।
आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर लोहे के तवे, वाइपर और डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले नागरिक अस्पताल दादरी ले जाया गया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस पहले ही इस मामले में आरोपी बुधराम, पवन, सचिन और आकाश उर्फ कातिया को गिरफ्तार कर चुकी है।
मामले की जांच कर रहे थाना शहर दादरी के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को फरार आरोपी सचिन उर्फ हंटर निवासी राखीगढ़ी, जिला हिसार (हाल निवासी लाधान पाना, दादरी) तथा रवि उर्फ चकरिया निवासी रविदास नगर, दादरी को गिरफ्तार किया।