चरखी दादरी। पुलिस ने गांव लोहरवाड़ा में घर में घुसकर दंपती पर जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं। इससे पहले इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 12 जून 2026 को गांव लोहरवाड़ा निवासी पूनम ने थाना सदर दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनके परिवार का करीब तीन वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि 11 जून 2026 की रात करीब 2:30 बजे वह अपने पति नरेंद्र और बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी समुन्द्र, अमित, विकास, धर्मेंद्र, नेहा, राजवंती और 3-4 अन्य लोग जबरन घर का गेट तोड़कर अंदर घुस आए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि समुंद्र ने फरसे से उनके पति नरेंद्र के सिर पर वार किया जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने और उनकी बेटी का अपहरण करने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी समुंद्र निवासी लोहरवाड़ा को गिरफ्तार किया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को थाना सदर दादरी में तैनात पीएसआई पंकज ने आरोपी विकास निवासी पैंतावास कलां और अमित निवासी लोहरवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए गए। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।