चरखी दादरी। दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर नेशनल हाईवे 152-डी के निर्माणाधीन पिलर के समीप शनिवार रात सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। एक ने दादरी सिविल अस्पताल में तो दूसरे ने पीजीआई में दम तोड़ दिया। रविवार सुबह पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवाया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार काठमंडी क्षेत्र निवासी श्याम (25) गुरुग्राम स्थित एक फार्मासिस्ट कंपनी में काम करता था। शनिवार रात वह बाइक पर सवार होकर गुरुग्राम से दादरी आ रहा था। झज्जर के ग्वालिसन रोड के पास उसे उसका दोस्त सैनीपुरा निवासी नवीन (27) मिल गया। पुलिस को दिए बयान में मृतक युवकों के दोस्त गांधी नगर निवासी कृष्ण ने बताया कि वे भी शनिवार को अपनी गाड़ी लेकर दादरी आ रहा था। उसकी गाड़ी के आगे श्याम और नवीन बाइक लेकर चल रहे थे। जब वे दादरी-दिल्ली रोड पर समसपुर एसटीपी के पास पहुंचे तो कच्चे रास्ते से एक तेज रफ्तार वाहन आया और उसने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक चालक श्याम और नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कृष्ण उन्हें लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने श्याम को मृत घोषित कर दिया, जबकि नवीन को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रविवार सुबह नवीन ने भी पीजीआई में दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में श्याम का और पीजीआई में नवीन का पोस्टमार्टम करवाया। कृष्ण ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी वाहन चालक वहां से फरार हो गया और वो भी वाहन के नंबर नहीं देख सका।
दो बहनों का इकलौता भाई था नवीन
हादसे में जान गंवाने वाला सैनीपुरा निवासी नवीन दो बहनों का इकलौता भाई था। नवीन के पिता की मौत हो चुकी है और उसकी दोनों बहनें शादीशुदा हैं। ऐसे में नवीन मां का इकलौता सहारा था। वहीं, श्याम दो भाइयों में बड़ा था। दोनों मृतक युवक अविवाहित थे।
एक साल के अंदर दोस्तों की दूसरी जोड़ी बनी काल का ग्रास
पिछले एक साल के अंदर जिले में एक ही हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों के जान गंवाने की दूसरी घटना है। इससे पहले मिसरी के समीप एक साल पहले बुलेट सवार दो दोस्तों की एक हादसे में मौत हो गई थी। उक्त युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराई थी।
वर्जन::
इस संबंध में मृतक युवकों के दोस्त गांधी नगर निवासी कृष्ण के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 279, 304-ए और 427 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी चालक का पता लगाकर पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी।
- रवि कुमार, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी