चरखी दादरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिला लेने के लिए आवेदन के दो दिन बचे हैं। अब दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया भी समाप्त होने वाली है। इसलिए कई युवा संस्थानों में जाकर आवेदन कर रहे हैं। अन्य पात्र युवा भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
विभाग की ओर से पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून तक रखी गई थी, लेकिन 21 जून से दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की गई। अब आवेदन की प्रकिया अंतिम चरण में है। सभी आईटीआई में हेल्पडेस्क बनाए गए हैं। कई युवा वहां जाकर जानकारी लेकर निशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
विभिन्न आईटीआई संस्थानों में दाखिला लेने के लिए काफी आवेदन आए हैं। कलाली बलाली आईटीआई में कुल 832 आवेदन आए हैं। प्राचार्य सुरजीत बजाड़ ने बताया कि सबसे अधिक आवेदन इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आए हैं जबकि सबसे कम ड्रेस मेकिंग में आए।
वहीं, सांतौर आईटीआई में 128 आवेदन मिले हैं। वरिष्ठ अनुदेशक सुमित कुमार ने बताया कि 20 युवाओं ने संस्थान में आकर आवेदन किया है। कादमा आईटीआई में 444 आवेदन आए हैं। महिला आईटीआई में भी 30 छात्राओं ने आवेदन किया है। नोडल आईटीआई रावलधी के प्राचार्य अनिल दलाल ने बताया कि कुल 500 युवाओं ने संस्थान में आकर आवेदन किया है। बुधवार को तीन युवा आवेदन करने आए।
- यह रहेगी आगे की प्रक्रिया
पहली मेरिट सूची तीन जुलाई को जारी की जाएगी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच सात जुलाई तक होगी और आठ जुलाई तक आवेदक अपनी आवेदन फीस जमा कर सकते हैं। इसके बाद नौ जुलाई को खाली सीटों की संख्या प्रदर्शित की जाएगी और 11 जुलाई को दूसरी सूची जारी की जाएगी। दाखिला प्रक्रिया 14 जुलाई तक चलेगी और 16 जुलाई को रिक्त सीटें प्रदर्शित की जाएंगी। 22 जुलाई को तीसरी मेरिट सूची जारी कर 27 जुलाई तक दाखिले किए जाएंगे।