चरखी दादरी। जिले के झोझूकलां और गोपी सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित कर दी गई हैं। अब यहां एक्स-रे सुविधा शुरू करने के लिए डार्क रूम की दरकार है। दोनों सीएचसी के एसमओ की ओर से डार्क रूम की जल्द व्यवस्था करवाई जाएगी। वहीं, बौंदकलां सीएचसी के लिए भी विभाग ने एक्स-रे मशीन अलॉट कर दी है जो जल्द ही पहुंच जाएगी।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग गोपी, बौंदकलां और झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सुविधा शुरू करने जा रहा है। इससे सीधे तौर पर करीब तीनों सीएचसी के अधीन आने वाले तीन लाख लोगों को फायदा होगा। इस योजना को धरातल पर परवान चढ़ाने के लिए विभाग की ओर से डिजिटल एक्स-रे मशीन का ऑर्डर दिया गया था।
पिछले माह ही झोझूकलां और गोपी सीएचसी के लिए एक्स-रे मशीन पहुंच गई थी। दो मशीनों को गोपी और झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कक्ष में विभाग स्थापित करवा चुका है। ये मशीन बिना सीआर सिस्टम की हैं और इसके चलते इनसे एक्स-रे सुविधा शुरू करने से पहले विभाग को डार्क रूम बनाना होगा। कार्यवाहक सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने इस संबंध में दोनों सीएचसी के एसएमओ को निर्देश दे दिए है। सूत्रों के अनुसार करीब बीस दिन के अंदर एक्स-रे सुविधा शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, बौंदकलां सीएचसी को जो एक्स-रे मशीन अलॉट हुई है वो सीआर सिस्टम से लैस हैं।
- 35 से 40 किलोमीटर की नहीं करनी पड़ेगी भागदौड़
दरअसल, जिले के तीनों सीएचसी पर लंबे समय से एक्स-रे सुविधा बंद है। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। सीएचसी के अधीन आने वाले गांवों के लोग एक्स-रे के लिए 35 से 40 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर सिविल अस्पताल आने को विवश हैं। इसके चलते उन्हें शारीरिक, आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
- सिविल अस्पताल का कम होगा वर्कलोड, जल्दी आएगी मरीजों का नंबर
जिले में सिविल अस्पताल, मातृ-शिशु अस्पताल, तीन सीएचसी और 12 पीएचसी समेत 17 स्वास्थ्य केंद्र हैं। इनमें से केवल सिविल अस्पताल में एक्स-रे सुविधा शुरू है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के मरीज पूर्णतया सिविल अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में यहां वर्कलोड रहता है। प्रतिदिन करीब 150 से अधिक एक्स-रे सिविल अस्पताल में होते हैं और सीएचसी में ये सुविधा शुरू होने के बाद यहां का वर्कलोड काफी कम होगा।
झोझकलां और गोपी में एक्स-रे सुविधा करने के लिए एसएमओ को जल्द से जल्द डार्क रूम तैयार करने के निर्देश दे दिए गए है। वहीं, बौंदकलां के सीआर सिस्टम से लैस एक्स-रे मशीन अलॉट हुई है और वहां डार्क रूम बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रयास है कि जल्द ही तीनों सीएचसी में एक्स-रे सुविधा शुरू कर दी जाए। -डॉ. गौरव भारद्वाज, कार्यवाहक सीएमओ, चरखी दादरी।