दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर रावलधी नहर के समीप रविवार देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दो चचेरे भाइयों सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में देर रात ही पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।
सदर थाना पुलिस ने सोमवार सुबह तीनों मृतकों का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। जांच अधिकारी एएसआई जोगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों पर सवार मृतकों के परिजनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रावलधी निवासी चचेरे भाई रोशन और संजीत पेशे से श्रमिक थे। वे दोनों गांव मिर्च में एक निर्माणाधीन मकान में काम करने के लिए रविवार सुबह घर से गए थे। देर शाम बाइक से वे दोनों वापस अपने गांव लौटने के लिए मिर्च से चले थे। जब वो दोनों रावलधी नहर के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही बाइक से संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी बाइक टकरा गई।
दूसरी बाइक पर कलानौर निवासी विक्रांत व नरेंद्र सहित कुब्जानगर निवासी कमलकांत सवार थे। बाइक नरेंद्र चला रहा था। हादसे में नरेंद्र और दूसरी बाइक पर सवार चचेरे भाई रोशन व संजीत की मौत हो गई, जबकि कमलकांत और विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शव सहित क्षतिग्रस्त बाइकें अपने कब्जे में ले ली। पुलिस ने शवों को सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया और सोमवार सुबह तीनों का पोस्टमार्टम करवाया।
कमलकांत को बीएसएफ में बतौर सिपाही करना था ज्वाइन
हादसे में घायल कुब्जानगर निवासी कमलकांत को भी गंभीर चोटें आईं। कमलकांत का चयन बीएसएफ में बतौर सिपाही हुआ था और सोमवार को उसे दिल्ली पहुंचकर ज्वाइनिंग करनी थी। कमलकांत कलानौर निवासी मृतक नरेंद्र का ममेरा भाई था। सोमवार सुबह उसे रोहतक से ट्रेन पकड़नी थी और इसके चलते वह नरेंद्र और विक्रांत के साथ बाइक पर सवार होकर कलानौर जा रहा था। हादसे में कमलकांत का पैर टूट गया।
पांचों में से महज एक ने पहना था हेलमेट
जांच अधिकारी एएसआई जोगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बाइकों पर सवार पांच लोगों में से केवल एक के पास ही हेलमेट था। यह हेलमेट किस बाइक सवार का था इसका अभी पता नहीं चल पाया। हादसे का कारण तेज रफ्तार रही।
सदर थाने के एएसआई जोगेंद्र सिंह ने कहा कि एक बाइक पर तीन, जबकि दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे। दोनों बाइकों पर सवार पांच लोगों में से तीन की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। मामले की फिलहाल जांच चल रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए हैं।