चरखी दादरी। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा बढ़ाने के लिए दो नए आकांक्षी शौचालय बनाए जाएंगे। इनके निर्माण पर 15 लाख 84 हजार रुपये खर्च होंगे। दोनों शौचालयों में कुल 12 यूरिनल की सुविधा होगी।
नगर परिषद ने निर्माण कार्य के लिए एजेंसियों के नाम निविदाएं जारी कर दी हैं। इससे अब निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और रखरखाव लंबे समय से चुनौती बना हुआ है। नगर परिषद को नए शौचालयों के निर्माण के लिए तीन बार टेंडर जारी करने पड़े।
परिषद पहले भी जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में शौचालय बनवाती रही है। स्वच्छता मिशन 1.0 के तहत शहर में करीब 12 सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। स्वच्छता सर्वेक्षण के आकलन के समय नगर परिषद ने सभी 12 सार्वजनिक शौचालयों की सफाई करवाई थी ताकि बेहतर अंक मिल सकें। झाड़ू सिंह चौक, अनाज मंडी गेट, वैश्य स्कूल के समीप और किला मैदान रोड सहित अन्य स्थानों पर सफाई करवाई गई थी।
हालांकि, शहर के सार्वजनिक शौचालयों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। इससे आसपास का वातावरण प्रदूषित होता है और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है।
नगर परिषद की स्वच्छता मिशन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि दोनों नए शौचालयों के निर्माण के लिए एजेंसी ने सहमति दे दी है। शौचालयों से जुड़ी दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।