बौंदकलां। अवैध बिक्री के लिए अंग्रेजी और देसी शराब की पेटियां ला रहे ब्रेजा सवार दो युवकों को पुलिस टीम ने दबोच लिया। निमड़ी के समीप से काबू किए गए आरोपियों से देसी और अंग्रेजी शराब की 13 पेटी बरामद हुई और उनके खिलाफ बौंदकलां थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान खरक निवासी संदीप और मिनड़ी निवासी सुनील के रूप में हुई।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सोमवार शाम बौंदकलां थाना पुलिस निमड़ी के समीप गश्त कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि ब्रेजा सवार दो युवक खरक की तरफ से अवैध बिक्री के लिए शराब लेकर निमड़ी आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने निमड़ी के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने एक ब्रेजा को रुकवाकर तलाशी ली तो शराब की पेटियां बरामद हुई। जांच के दौरान ब्रेजा में 8 पेटी देसी और 5 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने ब्रेजा सवार खरक निवासी संदीप और निमड़ी निवासी सुनील को काबू कर लिया। पुलिस ने उनकी ब्रेजा कार और शराब को भी कब्जे में ले लिया।