पुलिस गिरफ्त में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूमने के दोनों आरोपी
चरखी दादरी। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गांवों में फेरी लगाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हिसार जिले के पुट्ठी गांव निवासी दोनों आरोपियों ने चेसिस पर गुदे आखिरी चार अक्षर ही नंबर प्लेट पर लिखवा रखे थे। गुप्त सूचना मिलने पर दादरी पुलिस ने दोनों को उनकी बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने बताया कि यह बाइक उसे शादी में मिली थी और रजिस्ट्रेशन न करवाने के कारण उसने ऐसा किया। वहीं, दूसरे ने बाइक कबाड़ी से खरीदने की बात कही। फिलहाल आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है और उनके खिलाफ दादरी सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सदर थाना के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह अपनी टीम सहित अपराध की रोकथाम के लिए रावलधी बस अड्डा पर तैनात थे। उसी दौरान सूचना मिली कि हिसार जिले के पुट्ठी गांव निवासी दो व्यक्तियों के पास दो बाइकें हैं। वो इन बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर फेरी लगाते हैं। मुखबिर ने बताया कि दोनों दादरी-झज्जर रोड पर एनएच 152डी के ओवरब्रिज के नीचे से गुजरेंगे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद ही पुट्ठी निवासी मनजीत पुत्र धर्मबीर और बिरेंद्र पुत्र शिशु को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
बाइक का नहीं करवाया रजिस्ट्रेशन
पुलिस पूछताछ में मनजीत ने बताया कि उसे बाइक शादी में मिली थी। रजिस्ट्रेशन वो नहीं करवा पाया और पुलिस को धोखा देने की नीयत से उसने चेसिस नंबर के अंतिम चार अक्षर नंबर प्लेट पर लिखवा दिए। दूसरे आरोपी बिरेंद्र ने पूछताछ करने पर बताया कि बाइक उसने कबाड़ी से खरीदी थी। चेसिस नंबर के अंतिम चार अक्षर उसने भी नंबर प्लेट पर लिखवाए और गांवों में फेरी लगाने में बाइक प्रयोग करने लगा।