चरखी दादरी। दादरी पुलिस ने घर से सोने-चांदी के आभूषण बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण बेचकर रखी गई 6 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत के बाद की गई।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गांधी नगर निवासी एक महिला ने 21 जुलाई 2026 को सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला 5 जुलाई को रिश्तेदारों से मिलने शहर से बाहर गई थी। उसकी अनुपस्थिति में विनित और दीक्षांत उर्फ घोंचू उसके पुत्र पवन को हरिद्वार ले गए। आरोपियों ने पवन को घूमने का लालच दिया और यात्रा खर्च के लिए पैसे मांगे।
पवन ने घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण उन्हें दे दिए। महिला के घर लौटने पर आभूषण गायब मिले। बेटे से पूछताछ के बाद पूरी घटना का पता चला। आरोपियों ने आभूषण लौटाने से इन्कार कर दिया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी
जांच के दौरान वीरवार को हेड कांस्टेबल सुमित ने विनित और दीक्षांत उर्फ घोंचू को गांधी नगर, दादरी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने आभूषण बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी विनित से 2 हजार रुपये और दीक्षांत उर्फ घोंचू से 4 हजार रुपये नकद बरामद किए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।