पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी।
- फोटो : 1
बौंद कलां। जिला पुलिस ने मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 1.38 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि कस्बा बौंद कलां निवासी जगवीर ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 16 नवंबर 2025 को वह फेसबुक पर रील देख रहा था। इसी दौरान उसे गार्डन टीवी एप का एक लिंक दिखाई दिया, जिसे उसने अपने मोबाइल फोन में इंस्टॉल कर लिया। अगले दिन सुबह मोबाइल चेक करने पर खाते से रुपये कटने का मैसेज मिला। बैंक जाकर खाता विवरण निकलवाने पर पता चला कि उसके खाते से 1.38 हजार रुपये की राशि सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर हो चुकी है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की राशि केनरा बैंक और यूको बैंक के खातों में ट्रांसफर की गई थी। केनरा बैंक का खाता जोधपुर जिले के गांव मेघवालो का बास, घड़ाव निवासी सोमाराम के नाम पर पाया गया, जबकि यूको बैंक का खाता जोधपुर के विश्वकर्मा नगर निवासी एक महिला के नाम पर था।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई संदीप और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोमाराम को जोधपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपना बैंक खाता 10 हजार रुपये में अरशद खान उर्फ निकी को दिया था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी अरशद खान उर्फ निकी निवासी गांधीपुरा, बीजेएस कॉलोनी, जोधपुर को भी गिरफ्तार कर लिया।