दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर समसपुर टी-प्वाइंट के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने शनिवार देर शाम बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सदर थाना पुलिस ने लोहरवाड़ा निवासी घायल के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया।
सदर थाना पुलिस को दिए बयान में लोहरवाड़ा निवासी शीतल कुमार ने बताया कि उसका भाई विजय दादरी स्थित एक दुकान में काम करते है। शनिवार शाम वह अपने भाई विजय के साथ दुकान बंद करके बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। जब वे समसपुर टी -प्वाइंट से थोड़ा आगे पहुंचे तो एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक विजय के ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल ने बताया कि आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया और राहगीरों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम देर शाम ही मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों व शव को कब्जे में ले लिया। रविवार सुबह पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के तीन बच्चे हैं। पुलिस ने शीतल के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ धारा 279, 334 और 304-ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक विजय के भाई एवं हादसे में घायल शीतल के बयान पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद हमने शव परिजनों को सौंप दिया। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आजम खान, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, सदर थाना