कलियाणा क्रशर जोन में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रॉला ने डंपर चालक को कुचल दिया। हादसे में पालड़ी निवासी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। झोझूकलां थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पालड़ी निवासी सुधीर (36) चालक था और ढाई साल से बधवाना निवासी जयजीत का डंपर चला रहा था। शुक्रवार सुबह वह कलियाणा क्रशर जोन से डंपर में निर्माण सामग्री भरकर चला था। क्रशर जोन में एक क्रशर के सामने उसने डंपर रोक दिया और उतरकर साइड शीशा साफ करने लगा। शीशा साफ करने के बाद जब वह नीचे उतरा तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रॉला ने उसे कुचल दिया। हादसे में सुधीर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रॉला चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही झोझूकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव समेत डंपर और ट्रॉला को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने डंपर मालिक जयजीत के बयान दर्ज कर ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक सुधीर के दो बच्चे हैं।
हादसे में पालड़ी निवासी सुधीर की मौत हुई है और इस संबंध में ट्रॉला चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पतराम, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, झोझूकलां थाना