चरखी दादरी। बाबा स्वामी दयाल धाम पर 13 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान प्राण गंवाने वाले 21 किसानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। सर्वजातीय फोगाट खाप के प्रधान सुरेश फोगाट ने धाम पर आयोजित बैठक में कहा कि जान गंवाने वाले किसानों का आंदोलन में योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, संघर्ष और कर्तव्य का संदेश देता है।
इसलिए इन किसानों को श्रद्धांजलि देना केवल परंपरा नहीं बल्कि नैतिक जिम्मेदारी है। सर्वजातीय फोगाट खाप के प्रधान सुरेश फोगाट ने खाप फोगाट की कार्यकारिणी के सदस्यों व दादरी शहर के पांचों पानों के प्रधानों की बैठक को संबोधित किया। फोगाट खाप के सचिव कुलदीप फोगाट ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 सितंबर को सुबह 11 बजे बाबा स्वामी दयाल धाम पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।
सभा में किसानों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर नमन किया जाएगा। प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि जिन किसानों ने अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए कठिन परिस्थितियों का सामना किया और पुलिस की गोलियों के बीच अपने प्राणों की आहुति दी, उनका बलिदान समाज कभी भुला नहीं सकता।
अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष करने वालों का सम्मान करना समाज का सामूहिक दायित्व है। इन किसानों का साहस पीढ़ियों को प्रेरणा देता है। ऐसे किसानों को याद करना समाज के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रधान ने क्षेत्रवासियों से 13 सितंबर को बाबा स्वामी दयाल धाम पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने की अपील की है।