- एस्टीमेट राशि जमा करवाने के बाद भी वन विभाग नहीं हटवा रहा पेड़
- वन विभाग का दावा-रुपये जमा करवाए पर केंद्रीय वन मंत्रालय ने नहीं भिजवाया अनुपालना पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड रेलवे फाटक पर 78 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य में वन विभाग की अनदेखी बाधा बन रही है। वन विभाग की ओर से सड़क के दोनों ओर खड़े 60 पेड़ों को अब तक नहीं हटाया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पेड़ों को हटाने के लिए तीन माह पूर्व ही साढ़े 37 लाख रुपये की अनुमानित राशि वन विभाग को जमा करवाई जा चुकी है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों का कहना है कि यदि पेड़ों और पाइपलाइन को जल्द नहीं हटाया गया तो परियोजना में और देरी हो सकती है। इससे आमजन को लंबे समय तक फाटक पर जाम जैसी समस्याओं से जूझना पड़ेगा।
विभागीय अधिकारियों ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अविलंब कार्रवाई की मांग की है ताकि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके।
78 करोड़ से बनना है आरओबी
रोहतक रोड रेलवे फाटक पर आरओबी तैयार करने में करीब 78 करोड़ रुपये लागत आएगी। इसमें से 40 करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग और 18 करोड़ रुपये रेलवे की ओर से खर्च होंगे। बाकी 20 करोड़ रुपये वन विभाग, बिजली निगम, जनस्वास्थ्य और अन्य विभागों के कामों में खर्च होंगे।
940 मीटर लंबा बनना है ओवरब्रिज
शहर में बनने वाले तीसरे आरओबी की लंबाई करीब 940 मीटर रहेगी। 880 मीटर की लंबाई में आरओबी निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग करवाएगा। लाइनों के ऊपर 60 मीटर का काम रेलवे विभाग की ओर से करवाया जाएगा। आरओबी के बीच डिवाइडर बनेगा। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनेंगे। दोनों तरफ सड़क की चौड़ाई 7.5 मीटर और फुटपाथ की चौड़ाई डेढ़ मीटर रहेगी। यह आरओबी फोरलेन बनेगा। इससे बनने के बाद यहां जाम की समस्या का समाधान होगा।
वर्जन
विभाग की ओर से ओवरब्रिज में बाधक बने पेड़ों को हटवाने के लिए वन विभाग के पास एस्टीमेट राशि भी जमा करवा दी गई है लेकिन तीन माह का समय गुजर जाने के बाद भी पेड़ नहीं हटाए गए हैं। इस कारण काम में देरी होती जा रही है।
-कपूर सिंह, जेई, लोक निर्माण विभाग।
वर्सन:
पेड़ हटवाने के लिए भले ही राशि जमा करवा दी गई हो लेकिन अब तक लोक निर्माण विभाग ने केंद्रीय वन मंत्रालय के पास अनुपालना आदेश नहीं भेजे हैं। इस कारण हमारे पास केंद्रीय वन मंत्रालय से पेड़ों को हटवाने का आदेश नहीं आया है।
-सतीश दुहन, डीएफओ, जिला चरखी दादरी
फोटो 29: रोहतक रोड स्थित ओवरब्रिज निर्माण कार्य के बीच में बाधक बना पेड़। संवाद
फोटो 30: रोहतक रोड पर लगे पेड़, जो आरओबी कार्य में बाधक बने हुए हैं। संवाद