चरखी दादरी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा की ओर से दादरी परिवहन डिपो में मंगलवार को गेट मीटिंग आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता कर्मचारी नेता राजेश कुमार व अरविंद सिंह ने की। संचालन सतेंद्र सिंह व सोमबीर ने किया।
साझा मोर्चे के वरिष्ठ सदस्य जयबीर घणघस, वीरेंद्र सिगरोह, सतबीर, जगदीप लाठर, संजीव, अशोक खोखर, देवेंद्र, मुकेश दुहन आदि ने सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताया।
यूनियन नेता राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्र-छात्राओं एवं आम व्यक्ति की पसंद सुरक्षित एवं सस्ती परिवहन सेवा का निजीकरण करके पूंजीपतियों के हवाले कर रही है। किलोमीटर स्कीम के तहत बसों को रोडवेज बेड़े में शामिल किया जा रहा है। ठेके की बसों से रोडवेज विभाग को घाटा हो रहा है। रोडवेज विभाग के पास सभी गांवों में परिवहन सुविधा के लिए पर्याप्त बसें नहीं हैंं।
कर्मचारी नेता राजेश ने कहा कि वर्तमान में विभाग में चालक व परिचालकों की कमी है। बसों की मरम्मत करने के लिए तकनीकी कर्मचारी न के बराबर हैं। विभाग में हजारों पद खाली पड़े हैं। आम जनता को परिवहन सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा हैं। प्रदेश की जनसंख्या के अनुपात में सरकार नई सरकारी बसें खरीदकर रोडवेज बेड़े में शामिल करें, जिससे हजारों बेरोजगार युवकों को रोजगार मिलेगा।
डिपो प्रधान ने कहा कि कर्मचारियों का शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा हैं। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में जोखिम भत्ता दिया जाना, ऑनलाइन तबादला नीति के स्थान पर आपसी तबादला नीति को अपनाया, चालक, परिचालक, लिपिक, स्टोर कीपर व कैशियर के पद का पे ग्रेड बढ़ाना आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अगर सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कर्मचारी 18 जनवरी को अंबाला छावनी में परिवहन मंत्री के आवास पर न्याय मार्च निकालेंगे और बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी।