बाढड़ा में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान मौजूद पंच और विभागीय अधिकारी।
चरखी दादरी। आकांक्षी खंड बाढड़ा में मंगलवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान चलाया गया। इसके तहत जगरामबास, जेवली, हंसावास कलां, उमरावास और हुई गांवों में पंचों प्रशिक्षण दिया गया। नीति आयोग के एबी फेलो मनीप्रकाश ने बताया कि इसके लिए खंड की 54 ग्राम पंचायतों के 10 बैच बनाए गए हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों के कार्य में पारदर्शिता, जमीनी स्तर पर पंचायतों के विकास कार्यों का सुदृढ़ीकरण करना और पंचों की क्षमता बढ़ाना है। इस दौरान पंचाें को पंचायती राज एक्ट और ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी दी गई।
वैल्यूबर फैबटेक्स नई दिल्ली के प्रशिक्षक नरेंद्र दलाल ने पंचों को प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, टीबी मुक्त अभियान के बारे में बताया।
स्वच्छ भारत मिशन की ब्लॉक संयोजक सविता चौधरी ने ठोस और तरल कूड़ा कूड़ा प्रबंधन एवं धूसर जल प्रबंधन (ग्रे वॉटर मेनेजमेंट) के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि खंड बाढड़ा शत-प्रतिशत खुले में शौच मुक्त श्रेणी में शामिल है। नीति आयोग के एबी फेलो मनी प्रकाश ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत विभिन्न 11 सरकारी विभागों के निर्धारित 39 सूचकांकों के बारे में बताया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के 23 से 28 जून तक के विशेष टीकाकरण अभियान मिशन इंद्रधनुष, नई शिक्षा नीति, जल जीवन मिशन और जल शक्ति मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर ग्राम सचिव अमित कुमार, अनुराग, सुमित, राजेश, सोनू आदि मौजूद रहे।