चरखी दादरी। रावलधी चौक पर लगाई गईं ट्रैफिक लाइटें तीन दिन से बंद हैं। इसका कारण मुख्य तार का टूटना है। वहीं, ट्रैफिक थाना पुलिस ने इसकी सूचना लाइटें लगाने वाली एजेंसी को दे दी है, लेकिन, अब तक तार दुरुस्त नहीं किया गया है। दूसरी ओर चौक पर ट्रैफिक लाइटों के मद्देनजर जेब्रा क्रॉसिंग भी अब तक नहीं बनी है। यहां व्याप्त अव्यवस्थाओं के चलते वाहन चालक परेशान हैं।
पिछले वीरवार को नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने पार्षदों के साथ 70 लाख से शहर के पांच चौराहों पर लगाई गईं ट्रैफिक लाइटों का उद्घाटन किया था। उस दौरान ट्रैफिक थाना पुलिस की ओर से जहां ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं, वहां जेब्रा क्रॉसिंग बनाने की मांग की गई थी। उस दौरान अधिकारियों ने दो से तीन दिन में यह काम कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद कुछ जगहों पर तो जेब्रा क्रॉसिंग बनाई गई जबकि रावलधी चौक पर अब तक यह काम नहीं हुआ है। दूसरी ओर मुख्य तार टूटने के कारण पिछले तीन दिनों से यहां ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हैं। इसके चलते यहां चारों तरफ से आने वाले वाहन पहले की तर्ज पर निकल रहे हैं, जिससे हादसा होने का अंदेशा बना है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने जेब्रा क्रॉसिंग बनाने और ट्रैफिक लाइटों को चालू करने की मांग की है।
- प्रतिदिन गुजरते हैं 20 हजार वाहन
रावलधी चौक से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के अलावा अरावली क्षेत्रों से आने-जाने वाले भारी वाहनों की संख्या 10 हजार से अधिक है। वहीं, रोहतक, दिल्ली, जयपुर, लोहारू, भिवानी व महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन भी इसी चौक से गुजरते हैं। ऐसे में अचानक ट्रैफिक लाइटों के बंद होने से हादसों का अंदेशा बढ़ा हुआ है।
- दुकानदार बोले : दुपहिया वाहन चालक बनते हैं हादसों के शिकार
स्थानीय दुकानदार मस्ताना, अत्तर सिंह, संजय कुमार, राजीव कादयान, राजेंद्र सिंह आदि ने बताया कि यहां से भारी वाहनों का आवागमन अधिक होता है। इनके चालक जल्दी जाने के लिए सभी नियमों को ताक पर तेज गति से चलते हैं। दुपहिया वाहन चालक इनके बीच से गुजरने के प्रयास में कई बार हादसों के शिकार हो चुके हैं।
ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण ट्रैफिक लाइटों का केबल खराब हो गया है। इसे ठीक करवाने के लिए हमने एजेंसी को पत्र लिख दिया है। जल्द मैकेनिक पहुंचकर लाइटों को चालू कर देगा।
-रमेश कुमार, दादरी यातायात थाना प्रभारी
रावलधी चौक पर चौराहा बनना है। कुछ दिन में ही खोदाई की जाएगी। इसके कारण फिलहाल जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का कार्य टाला गया है। जल्द ही रावलधी चौक के बीच चौराहा निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-सुमेर सिंह, एसडीओ, चरखी दादरी लोक निर्माण विभाग