फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: रावलधी चौक पर हर 10 मिनट में लग रहा जाम, सड़क निर्माण से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

Thu, 25 Jun 2026 12:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
रावलधी चौक से दिल्ली बाईपास पर लगी वाहनों की लंबी कतार।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर के प्रमुख रावलधी चौक पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है कि यहां हर 10 मिनट में जाम की स्थिति बन रही है जिससे वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के दौरान रूट डायवर्ट करने की कोई पुख्ता व्यवस्था न होने से लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है।
विज्ञापन

बता दें कि लोक निर्माण विभाग की ओर से लंबे समय से जर्जर दादरी-रोहतक मुख्य मार्ग का नवनिर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य के चलते सड़क का एक हिस्सा निर्माण के लिए ब्लॉक किया गया है। इसके बाद से वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। वहीं वैकल्पिक मार्ग न होने से भारी और हल्के वाहन एक ही संकरी लेन से गुजरने को मजबूर हैं। इस मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में भारी वाहन जैसे डंपर, ट्रक और क्रशर जोन से जुड़े ट्रक गुजरते हैं।
सड़क निर्माण के कारण वाहनों की गति बेहद धीमी हो गई है जिससे रावलधी चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। अक्सर स्थिति यह हो जाती है कि भारी वाहनों के बीच छोटे वाहन और दोपहिया चालक फंस जाते हैं। कई बार चालक अपनी मर्जी से वाहन आगे निकालने की कोशिश करते हैं जो जाम और हादसों का मुख्य कारण बनता है।
विज्ञापन

स्थानीय निवासियों के अनुसार, चौक पर पुलिस पोस्ट पर तैनात कर्मचारी लगातार वाहन चालकों को दिशा निर्देश देकर आवागमन सुलभ करवाने का प्रयास करते रहते हैं। इसके बावजूद वाहनों की संख्या अधिक होने से जाम खुलवाने में लंबा समय लग जाता है।
वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही परेशानी
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि इस समस्या से उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर काफी देर तक जाम में फंसने से समय बर्बाद हो रहा है तो दूसरी ओर निर्माण कार्य के कारण उड़ती धूल से सांस लेना भी दूभर हो गया है। आपातकालीन वाहनों, जैसे एंबुलेंस को भी इस जाम में फंसकर जूझते देखा जा सकता है।
नहीं किया गया रूट डायवर्ट
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रशासन ने सड़क निर्माण तो शुरू कर दिया लेकिन जनता की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन पर ध्यान नहीं दिया। यदि निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों को शहर से बाहर के अन्य रास्तों से डायवर्ट कर दिया जाता तो शायद रावलधी चौक पर इतना दबाव न पड़ता।
वर्सन :
सड़क निर्माण के दौरान हमने यहां से गुजरने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट करवाने के लिए प्रशासन को पत्र लिखा हुआ है। पुलिस चौकी पर तैनात कर्मचारी भी लगातार वाहनों को दूसरे मार्गों से गुजरने के बारे में बताते रहते हैं। संदीप महला, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें