चरखी दादरी। गत एक नवंबर को दादरी के मुख्य फोरलेन रोड पर विमानपत्तन कार्यालय के समीप नगर के एक व्यापारी पर रासायनिक पदार्थ डाल गहने छीनने की घटना के आरोपियों को पकड़ने की मांग के लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक से मिले। व्यापारियों ने मामले को सीआईए को सौंपने के लिए ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि आज तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर रोष बना हुआ है। व्यापारियाें ने इस मामले को सीआईए को सौंपने की मांग की है। दादरी नगर व्यापार मंडल प्रधान सुरेश पांडवानियां की अगुवाई में व्यापारी पुलिस कप्तान अर्श वर्मा से मिले। प्रधान सुरेश ने बताया कि व्यापारी महाबीर कौशिक से अपराधी करीब पांच लाख के जेवरात छीन ले गए थे। इस दौरान फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष जयभगवान मस्ताना, फेडरेशन नगर प्रधान संदीप फोगाट, बब्बू ठेकेदार, रविंद्र वशिष्ठ, राहुल मराठा, प्रधान हीरा चौक दीपक नागवान, गोसेवक रिंपी फोगाट व रवि फोगाट मौजूद रहे।