कादमा। गांव नांधा स्थित सोसायटी में 500 बैग डीएपी खाद पहुंची। खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह से ही सोसायटी के बाहर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोसायटी प्रबंधन की ओर से 500 किसानों के टोकन काटे गए। अब खाद का वितरण वीरवार सुबह किया जाएगा।
सोसायटी के सचिव मुकेश ने बताया कि बुधवार को 500 बैग आए और इन्हीं के हिसाब से 500 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को टोकन मिला है, उन्हें वीरवार सुबह खाद दी जाएगी। सोसायटी की ओर से 11 हजार बैग खाद की मांग और भेजी गई है।
पूर्व सरपंच इंद्र सिंह और मौजूदा सरपंच अनिल ने कहा कि हजारों एकड़ जमीन बिजाई के लिए तैयार है। ऐसे में 500 बैग से किसानों की जरूरत पूरी नहीं हो सकती। अभी कम से कम 6500 बैग खाद और चाहिए। वहीं, टोकन वितरण व्यवस्था बनाने और किसी भी स्थिति पर काबू रखने के लिए पुलिसकर्मी भीम सिंह, राकेश, सुनील और सुमन मौके पर मौजूद रहे।