चरखी दादरी। जिले में पहली बार सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिन में 21800 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से 82 टीमों को गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारी शामिल होंगे। ये टीमें पहली बार गांव-गांव जाकर लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाएगी। विभाग की ओर से सिविल अस्पताल व मातृ-शिशु अस्पताल के अलावा सभी सीएचसी और पीएचसी की लक्ष्य तय कर दिया गया है।
जिले की आबादी करीब साढ़े पांच लाख है। इनमें से करीब साढ़े तीन लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगनी है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 51 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल कर चुका है। जिले में एक लाख 80 हजार लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। विभाग की ओर से अब सोमवार को मेगा वैक्सीनेशन शिविर लगाए जाएंगे, जिसके तहत 21 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। विभाग ने मेगा सेशन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और टीम गठित कर कर्मचारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं।
21 हजार लोगों के वैक्सीन लगाने के बाद विभाग वैक्सीनेशन का दो लाख का आंकड़ा छू लेगा। इसके बाद करीब डेढ़ लाख लोग ही वैक्सीनेशन से वंचित बचेंगे। अगस्त के अंत तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के प्रत्येक व्यस्क को कवर कर शत-प्रतिशत लोगों को वैक्सीन लगाने की योजना पर अब विभाग काम शुरू करेगा और इसकी शुरुआत सोमवार को मेगा कैंप से होगी।
18 सेशन तो 52 लगेंगे सब सेशन
सोमवार को मेगा सेशन के तहत 18 सेशन और 52 सब सेशन लगेंगे। सेशन सिविल अस्पताल, एमसीएच, सीएचसी और पीएचसी पर लगाए जाएंगे, जबकि सब सेशन गांव या शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लगाए जाएंगे। 82 टीमों में 246 कर्मचारियों को शामिल किया गया है। प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारी शामिल हैं।
वैक्सीनेशन में शहर से आगे हैं जिले के गांव
अब तक के वैक्सीनेशन की स्थिति देखें तो गांव शहर से आगे हैं। जिले का गोबिंदपुरा गांव 45 प्लस आयुवर्ग में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करवाने वाला पहला गांव है। इसके अलावा जिले के 76 गांव ऐसे हैं, जहां इस आयुवर्ग में 90 प्रतिशत से अधिक वैक्सीनेशन हो चुका है। एक लाख 44 हजार लोग ग्रामीण क्षेत्र तो 36 हजार लोग शहरी क्षेत्र के अब तक कवर हुए हैं।
इस स्वास्थ्य केंद्र पर इतने लोगों का होगा टीकाकरण
स्वास्थ्य केंद्र लोगों की संख्या
सिविल अस्पताल एवं एमसीएच 3000
झोझूकलां सीएचसी 1500
पीएचसी बलकरा 1200
पीएचसी माई कलां 1200
पीएचसी संतोकपुरा 1200
पीएचसी मानकावास 1200
सीएचसी गोपी 1500
पीएचसी बाढड़ा 1800
पीएचसी कादमा 1200
पीएचसी हड़ौदी 1200
पीएचसी छपार 1200
सीएचसी बौंदकलां 2000
पीएचसी अचीना 1200
पीएचसी इमलोटा 1200
पीएचसी रानीला 1200
पीएचसी सांवड़ 1200
शहर और इन गांवों में लगेंगे कैंप
सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि शहर में सिविल अस्पताल, बालावाला आश्रम, पूर्ण मार्केट, चंपापुरी, नगरपरिषद कार्यालय व अग्रसेन सदन में, शहर के पुराना सिविल अस्पताल परिसर के नई बिल्डिंग, रविदास नगर, खटीकान धर्मशाला व वाल्मीकि नगर के हरिजन आश्रम में वैक्सीनेशन कैंप लगेंगे। इसके अलावा मालकोश, ऊण, समसपुर, लोहरवाड़ा, झिंझर, भागेश्वरी, हिंडोल, लांबा, मिसरी, रावलधी, मोरवाला, सांतौर, बिगोवा, कारीरूपा, जीतपुरा, हुई, काकड़ौली सरदारा, बेरला, भांडवा, गोविंदपुरा, लाड, डोहका हरिया, डूडीवाला, रामबास, चांदवास, कांहड़ा, बडराई, रासीवास, बरसाना, झोझू खुर्द, डाढीबाना, मैहड़ा, बिरही कलां, घसोला, कलियाणा, मोड़ी, ढाणी फौगाट, चांगरोड, चंदेनी, बधवाना, पालड़ी, खेड़ी बूरा, पैंतावास व फतेहगढ़ में वैक्सीनेशन किया जाएगा।
अब तक एक दिन में अधिकतम आठ हजार लोगों को लगी है वैक्सीन
जिले में वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। मार्च तक अधिकतम पांच से छह सेशन आयोजित किए गए, लेकिन इसके बाद सेशनों की संख्या बढ़ाकर पहले 14 और फिर 18 की गई। अब तक जिले में एक लाख 80 हजार लोग कवर हो चुके हैं। एक दिन में अधिकतम आठ हजार लोगों को कवर किया गया है। जिले में पहली बार सोमवार को 21 हजार से अधिक लोगों को एक दिन में वैक्सीन लगाई जाएगी।
सोमवार को मेगा सेशन लगाकर एक दिन में 21 हजार से अधिक लोगों को कवर किया जाएगा। सभी केंद्रों को लक्ष्य की जानकारी दे दी गई है। 18 प्लस से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति सोमवार को किसी भी केंद्र पर पहुंचकर पहली या दूसरी डोज लगवा सकता है। दूसरी डोज के लिए बशर्ते समयावधि पूरी होनी चाहिए।
डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ एवं जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज