दादरी नागरिक अस्पताल में मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज करती पुलिस टीम।
बौंदकलां(चरखी दादरी)। गांव अचीना स्थित अपनी ससुराल में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में ऑलआउट (मच्छरों को मारने की दवा) पी ली। इसके प्रभाव से वर्षा (31) की मौत हो गई। झज्जर जिले के जहाजगढ़ गांव निवासी मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया और अचीना ताल चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दिए बयान में मृतका के भाई पवन ने बताया कि वर्षा की शादी 12 साल पहले अचीना निवासी राजेश से की थी। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। वीरवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि वर्षा ने मच्छर मारने की दवा पी ली है और इसके बाद प्रभाव से उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद जहाजगढ़ से मायके पक्ष के लोग यहां आए। उन्होंने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना को वर्षा के इस कदम का जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने पवन के बयान पर पति खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी एसआई हरेंद्र ने बताया कि मृतका के भाई के बयान पर पुलिस ने पति राजेश के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने संबंधी केस दर्ज किया है।