बौंदकलां। कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने एक ही परिवार के चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उसके बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने दंपती समेत दो बेटों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल कर्ण सिंह ने बताया कि 29 जून को रात साढ़े नौ बजे वह अपने घर में मौजूद था। उसी दौरान उसे गली में झगड़े का शोर सुनाई दिया। जब वह गली में आया तो एक ही परिवार के चार लोग गांव निवासी रमेश और हेमंत को डंडों से पीट रहे थे। जब वह उन्हें छुड़वाने गया तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया।
उनका शोर सुनकर गली के अन्य लोग भी मौके पर आ गए और उन्होंने उनका बचाव किया। बाद में आरोपी उन्हें धमकी देकर मौके से निकल गए। हमले में हेमंत, रमेश और कर्ण सिंह को चोटें लगी। सभी घायलों को बौंदकलां सीएचसी में ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घटना से उनके परिजन डरे, सहमे हैं। उन्हाेंने आरोपियों से जान, माल के नुकसान की आशंका जता सुरक्षा की गुहार लगाई है। सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने बयान दर्ज कर आरोपी पक्ष पर केस दर्ज कर लिया।