फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: बारिश पर तीन दिन का ब्रेक, उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल

Mon, 13 Jul 2026 02:18 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
रविवार को दोपहर दो बजे सुनसान बस स्टैंड रोड। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम ने फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक जिले में बारिश की संभावना नहीं है। बारिश थमने के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान अधिक नहीं होने के बावजूद हवा में नमी के कारण लोगों को गर्मी सामान्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक महसूस हो रही है।
विज्ञापन

सुबह से ही गर्मी से बेहाल
सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर नजर आए। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में चहल-पहल कम रही। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। अधिकांश लोग सुबह और शाम के समय ही खरीदारी या अन्य कार्यों के लिए निकलते दिखाई दिए। दोपहर के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जिससे व्यापार भी प्रभावित हुआ।
कूलर-पंखे फेल
उमस भरी गर्मी का असर सबसे अधिक दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी संचालकों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों पर देखने को मिला। तेज धूप और नमी के कारण लगातार पसीना आने से लोगों को थकान और बेचैनी महसूस हुई। वहीं घरों और कार्यालयों में भी पंखे राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। कई लोगों ने कूलर और एयर कंडीशनर का सहारा लिया लेकिन अधिक नमी के कारण कूलर की ठंडी हवा का असर भी कम महसूस हुआ।
विज्ञापन

सावधानियां बरतने की जरूरत
नागरिक अस्पताल के डॉ. राहुल अरोड़ा का कहना है कि उमस भरे मौसम में शरीर से अधिक पसीना निकलने के कारण पानी की कमी होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने और दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

राज्य में 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने व बीच-बीच में आंशिक बादलवाही रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा वातावरण में नमी में कमी आने की संभावना है।
विज्ञापन

-डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें