चरखी दादरी। कालूवाला निवासी सगी तीन बहनें कबड्डी और हैंडबाल में जिला और प्रदेश का नाम चमका रही हैं। कबड्डी खिलाड़ी दीप्ति सांगवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो और राष्ट्रीय स्तर पर नौ पदक जीत चुकी हैं तो उनकी छोटी बहन आरती और अंजलि हैंडबाल में राष्ट्रीय स्तर पर 31 पदक जीत चुकी हैं। तीनों बहनों की सफलता के पीछे पिता की कड़ी मेहनत है।
कोच संदीप कुमार ने बताया कि दीप्ति की चार छोटी बहनें हैं जबकि भाई कोई नहीं है। दीप्ति के पिता जोगेंद्र सांगवान किसान और माता गृहिणी हैं। साल 2014 में दीप्ति ने कबड्डी, आरती सांगवान और अंजलि सांगवान ने हैंडबाल खेलने की शुरुआत की थी। उनकी चौथी बहन अनुष्का ने कुछ समय पहले ही कबड्डी खेलना शुरू किया है और अल्प समय अवधि में वह राज्यस्तरीय स्पर्धाओं में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
कोच ने बताया कि दस साल के कॅरिअर में दीप्ति ने 11 पदक जीते हैं। खेलों में जाने की भावना चारों बहनों में गांव के ही खेल स्टेडियम में अभ्यास करके पैदा हुई। उनका खेलों में आने का मकसद बेटे की कमी महसूस न होने देने के साथ परिवार का नाम चमकाना है। सगी बहनों की ओर से पूर्व में किए गए प्रयास अब रंग ला रहे हैं।
- आरती ने 16 तो अंजलि ने जीते 15 पदक
हैंडबाल में आरती ने राष्ट्रीय स्तर पर 16 पदक और अंजलि ने 15 पदक जीते हैं। आरती को खेल कोटे से एसएसबी में नौकरी मिली है। खेल में भी उनका वर्चस्व है। फिलहाल दीप्ति कबड्डी में एशियाई प्रतियोगिता खेलने के लिए तैयारी कर रहीं हैं। इस प्रतियोगिता में देश के लिए पदक जीतना उसका लक्ष्य है। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी लीग में दीप्ति दिल्ली टीम की कप्तान रहीं थीं। पिछले वर्ष जयपुर में आयोजित कबड्डी लीग में दीप्ति को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार भी मिल चुका है।
ये हैं दीप्ति की मुख्य उपलब्धियां...
- दिसंबर 2023 में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कांस्य पदक।
- नवंबर 2023 में दुबई में आयोजित महिला कबड्डी लीग और खेलो इंडिया गेम्स में कांस्य पदक।
- अक्तूबर 2023 में आयोजित महिला कबड्डी लीग में स्वर्ण पदक।