होटल में मादक पदार्थ का सेवन करने पर पुलिस टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 73 ग्राम सुल्फा भी बरामद कर सिटी थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में दो हिमाचल प्रदेश के तो एक पंचकूला का निवासी है।
जानकारी के अनुसार सिटी थाना पुलिस टीम गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में जांच कर रही थी। टीम जब शहर के एक होटल के कमरों में ठहरे लोगों की जांच के लिए पहुंची, तो एक कमरे में मादक पदार्थ का सेवन करते तीन लोगों को पकड़ा। इनकी पहचान शिमला के रामपुरा तहसील निवासी भूपेश, सोलन निवासी अमनदीप और कालका की खेला कॉलोनी निवासी करण के रूप में हुई। पुलिस ने जब आरोपियों और सामान की तलाशी ली, तो 73 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ। इसके तुरंत बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।