चरखी दादरी। पत्नी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से परेशान जिले के एक गांव निवासी पीड़ित ने परिजनों के साथ दादरी लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर नगराधीश जितेंद्र कुमार से न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
उसने आरोपी सोनू पर केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी देने और पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया। नगराधीश ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर न्याय किया जाएगा।
शिविर में दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसके गांव के ही सोनू के दुर्व्यवहार से परेशान होकर उसकी पत्नी ने 25 अक्तूबर 2024 को आत्महत्या कर ली थी। आरोपी फोन कर उसकी पत्नी से अवैध संबंध बनाने के लिए कहता था।
लोक-लाज के कारण उसने आरोपी को अपने स्तर पर भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बाज नहीं आया। इस कारण पत्नी ने आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत के बाद पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ पीड़ित ने शिकायत दी थी लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपी को कार्रवाई का भय नहीं है।
अब आरोपी पीड़ित और उसके परिजनों पर केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा है और ऐसा न करने पर उन्हें मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने अधिकारियों से आरोपी की गिरफ्तारी कर आरोपी का साथ दे रहे पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।