चरखी दादरी। इस सीजन में डेंगू ने जिले के अंदर डेढ़ माह पहले दस्तक दे दी है। डोहका हरिया निवासी व्यक्ति भिवानी में जांच के दौरान डेंगू पॉजिटिव मिला है। पिछले सीजन में पहला केस 20 जून को सामने आया था। डेंगू का पहला केस मिलने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग और सतर्क हो गया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू व मलेरिया से निपटने के लिए 626 टीमों का गठन किया है। ये टीमें घर-घर पहुंचकर संदिग्ध मरीजों की जांच कर रही हैं। टीमें यह कार्य प्रत्येक माह 1 से 10 तारीख तक करेंगी। वहीं, पहला मामला मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के चारों तरफ 50-50 घरों में मच्छररोधक दवा का छिड़काव शुरू करवा दिया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो पहला डेंगू पॉजिटिव केस डोहका हरिया गांव निवासी 24 वर्षीय युवक मिला है। उसका भिवानी नागरिक अस्पताल में नमूना लिया गया। इसकी जांच रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग हर साल मई से अक्तूबर तक रैपिड फीवर सर्वे करवाता है। ताकि, मलेरिया और डेंगू के छिपे केस सामने आ सकें।
8 मकानों में मिला लारवा, 3 मालिकों को नोटिस जारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित की गईं टीमों ने 1,54,756 घरों की जांच की। इनमें से 8 घरों में टीमों को डेंगू का लारवा मिला। इसके साथ ही इन घरों में रखे 2,08,593 पानी के बर्तनों की जांच की गई। इनमें से 8 बर्तनों में लारवा पाया गया और तीन मकान मालिकों को नोटिस जारी किया गया।
वर्ष 2020 से 2025 तक जिले में ये रही है डेंगू व मलेरिया की स्थिति
वर्ष-डेंगू पॉजिटिव केस -मलेरिया पॉजिटिव केस
2020 - 138 - 02
2021 - 639 - 06
2022 - 364 - 02
2023 - 970 - 07
2024 - 254 - 12
2025 - 01 - 00
एमसीएच लैब में 76 नमूने जांचे
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मई में बुखार प्रभावित 76 संदिग्ध मरीजों के नमूने लेकर मातृ-शिशु अस्पताल स्थित लैब में जांच की गई। हालांकि, इन नमूनों में से किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। वहीं, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि डेंगू के छिपे केस पकड़ने के लिए अधिक से अधिक नमूने लिए जाएंगे।
विभाग ने ग्राम पंचायतों को जारी किए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के मद्देनजर ग्राम पंचायतों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार, उन्हें स्थायी व अस्थायी तालाबों में गंबूजिया मछलियां छुड़वाने के निर्देश दिए हैं। ताकि, यहां पनपने वाले लारवे की रोकथाम की जा सके।
डेंगू केस का पता लगाने के लिए टीमें गांव-गांव पहुंचकर हर घर में लारवा की जांच करने के अलावा बुखार संदिग्ध मरीजों के नमूने भी ले रही हैं। मलेरिया की स्लाइड भी बनाई जा रही हैं। डोहका हरिया निवासी जो युवक डेंगू पॉजिटिव मिला है, उसका नमूना भिवानी में लिया गया है।
-मुकेश कुमार, निरीक्षक, जिला स्वास्थ्य विभाग