चरखी दादरी/बाढड़ा। बाढड़ा उपमंडल के काकड़ोली हुक्मी गांव में चोरों ने दो मकानों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दोनों घरों से करीब 45 तोले सोना, 1.300 किलोग्राम चांदी और 1.60 लाख रुपये चोरी कर ले गए। अहम बात यह है कि घटना के वक्त दोनों घरों में परिवार के सदस्य मौजूद थे। पीड़ितों ने नशीला पदार्थ सुंघाने का अंदेशा जताया है। बाढड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में काकड़ोली हुक्मी निवासी ठेकेदार कृष्ण ने बताया कि रविवार शाम को परिवार के सदस्य खाना खाकर अलग-अलग कमरों में सो गए थे। सुबह परिवार जब उठा तो घर में चोरी की वारदात हुई मिली। उन्होंने बताया कि कमरों में सामान बिखरा मिला जबकि अलमारी और संदूक खुली मिली। उन्होंने वहां रखे गहने और नकदी संभाली तो करीब दस हजार रुपये, 800 ग्राम चांदी के और करीब 25 तोले सोने के गहने चोरी मिले।
वहीं, काकड़ोली हुक्मी निवासी जाफर के घर में भी चोरों ने दस्तक दी। चोर जाफर के मकान से करीब डेढ़ लाख रुपये, 20 तोले सोने और 500 ग्राम चांदी के गहने अपने साथ ले गए। जाफर के अनुसार उन्हें भी वारदात की भनक तक नहीं लगी। वहीं, गांव के दो घरों में चोरी होने से काकड़ोली हुक्मी के ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन से चोर गिरोह का सुराग लगाकर तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने की मांग की है। दूसरी ओर वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों मकान मालिकों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया।
- डीएसपी और एफएसएल टीम भी पहुंची
वारदात का पता चलने के बाद सोमवार दोपहर डीएसपी देशराज और एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट उठाकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया, ताकि चोरों को लेकर कोई सुराग हाथ लग सके। एफएसएल टीम ने दोनों मकानों की गहनता से जांच की।
- कमरों के दरवाजे किए बाहर से बंद
अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर गिरोह ने दोनों घरों में मौजूद परिवार के सदस्यों को बेसुध करने के लिए नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य जिन कमरों में सो रहे थे उनकी बाहर से कुंडी लगा दी और चुन्नी भी बांध दी, ताकि नशीले पदार्थ का असर खत्म भी हो जाए तो परिवार का कोई सदस्य बाहर न आ सके।
- नहीं खुला लॉकर तो ले गए साथ
ठेकेदार कृष्ण ने बताया कि उनके घर का एक लॉकर चोरों से नहीं खुला। इसके चलते वो लॉकर भी उठाकर साथ ले गए। इससे साफ है कि चोरों ने बड़ी आराम से वारदात को बेखौफ होकर अंजाम दिया। एक ही रात में दो वारदात के बाद पुलिस सुरक्षा भी सवालिया निशान उठ रहे हैं।
- बाढड़ा क्षेत्र में तीन दिन के अंदर छह जगहों पर हुई वारदात
बाढड़ा में पिछले तीन दिनों के अंदर छह जगहों पर चोरी हो चुकी है। गत शुक्रवार रात भी चोरों ने बाढड़ा कस्बा स्थित तीन दुकानों और एक चाय के खोखा को निशाना बनाया था। एक रात में चार प्रतिष्ठानों के ताले चटकाने के बाद अब काकड़ोली के दो घरों में चोरी घुसे।