शहर थाना परिसर में अनसुंधानकर्ताओं की बैठक लेतीं पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ।
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने वीरवार को बैठक कर जांच अधिकारियों के कार्याें की समीक्षा की। इसमें पुलिस अधीक्षक ने जांच अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों की कार्यप्रणाली समय-समय पर जांची जाएगी, अगर लापरवाही मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मचारी आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें। अपराध व अपराधियों और गैर कानूनी काम करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में और तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी एक निश्चित उद्देश्य को लेकर काम करें व निश्चित समय अवधि में शिकायत का निपटान करें।
एसपी ने सभी को कर्तव्य का निष्ठापूर्वक पालन करने और आमजन से संबंधित किसी भी कार्य को लंबित न रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लंबित अभियोगों का अति शीघ्र निपटारा कर पीड़ित को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश भी जांच अधिकारियों को दिए।
हर पहलू से करें जांच, हर पक्ष की हो सुनवाई
एसपी ने कहा कि अनुसंधान के दौरान मामले की हर पहलू से जांच करें। थाने में आने वाले हर व्यक्ति की सुनवाई हो और महिला संबंधित शिकायतों पर तुरंत निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई की जाए। चोरी की वारदात को रोकने के लिए लगातार गश्त करें और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखें। एसपी पूजा वशिष्ठ ने कहा कि प्रत्येक थाने में जीरो टोलरेंस नीति लागू होनी चाहिए। कहीं से भी भ्रष्टाचार संबंधी कोई शिकायत न आए। अगर कोई कर्मचारी ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उच्चाधिकारियों के आदेश का करें पालन
एसपी ने कहा कि समय-समय पर उच्चाधिकारियों की ओर से पुलिस जवानों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाते हैं, सभी अनुसंधानकर्ता सुनिश्चित करें कि इनका पालन पूर्णतया हो। इसके अलावा मालखाना के रख-रखाव व माल मुकदमा को समय से निपटारा किया जाए।