चरखी दादरी। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रधान सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के साथ समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सभी जिला उपायुक्त अपने-अपने जिलों में समाधान शिविरों, सीएम विंडो, जन-संवाद तथा एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी व संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें। कोताही बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी विभाग के पास पांच प्रतिशत से अधिक शिकायतें लंबित ना हों।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने स्तर पर समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल की गहन समीक्षा करें। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों और समस्याओं का निपटान प्रभावी, स्थायी और पारदर्शी ढंग से किया जाए।
प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि शिकायतों की एंट्री सटीक, स्पष्ट और वास्तविक स्थिति के अनुरूप दर्ज हो। ताकि मुख्यालय स्तर पर वही शिकायतें पुन: खुलने की स्थिति न बने। अधिकारी अपने विभाग से संबंधित पोर्टल पर पंजीकृत शिकायतों की पूरी जानकारी रखे तथा उनके समाधान की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा भी करते रहें।