बाढड़ा। गांव जीतपुरा में ड्यूटी पर तैनात एक सैनिक के बंद मकान में लगातार चोरी की वारदात से परेशान ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को रंगे हाथ पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा। ग्रामीणों ने युवक की पहचान गांव के ही निवासी के रूप में होने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव जीतपुरा निवासी संदीप भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में ड्यूटी पर तैनात हैं। उनकी पत्नी किरण बच्चों की पढ़ाई के लिए सीकर में रह रही हैं। लंबे समय से बंद मकान का फायदा उठाकर आरोपी युवक ने कथित तौर पर तीन बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले मकान से आभूषण और नकदी चोरी होने की बात भी सामने आई है।
बताया गया कि आरोपी मकान के पोर्च का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश करता था और चोरी करने के बाद फरार हो जाता था। वीरवार को संदीप के चचेरे भाई पवन खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान उन्होंने मकान के आसपास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा। पवन ने उसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी और ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन युवक मौके से भाग गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। सैनिक संदीप और उनकी पत्नी किरण ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। किरण ने कहा कि उनके पति देश की सेवा में सीमा पर तैनात हैं जबकि उनके घर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह रोहिल्ला ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। मामले की जानकारी मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।